ईसीएल को मिला नया तकनीकी नेतृत्व, चित्तरंजन कुमार ने निदेशक (तकनीकी) का संभाला कार्यभार
सांकतोरिया : ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) में वरिष्ठ खनन विशेषज्ञ चित्तरंजन कुमार ने निदेशक (तकनीकी) का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। कोयला उद्योग में तीन दशकों से अधिक के अनुभव वाले कुमार के नेतृत्व से कंपनी को तकनीकी उन्नयन, सुरक्षित खनन और परिचालन दक्षता के क्षेत्र में नई गति मिलने की उम्मीद है।
बीआईटी सिंदरी से वर्ष 1991 में खनन अभियांत्रिकी में बी.टेक. तथा एमबीए की डिग्री प्राप्त करने वाले चित्तरंजन कुमार ने वर्ष 1997 में प्रथम श्रेणी खान प्रबंधक दक्षता प्रमाण-पत्र हासिल किया। अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने कई बड़ी खनन परियोजनाओं का सफल नेतृत्व किया तथा उत्पादन, उत्पादकता और सतत खनन प्रणाली को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
ईसीएल में नियुक्ति से पहले वे सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के मगध-संगमित्रा क्षेत्र में क्षेत्रीय महाप्रबंधक के रूप में कार्यरत थे। उनके नेतृत्व में महत्वपूर्ण वन स्वीकृतियां प्राप्त हुईं और 20 एमटीवाई संगमित्रा ओसीपी परियोजना को गति मिली। इसके अलावा वन भूमि हस्तांतरण और क्षमता विस्तार संबंधी परियोजनाओं की स्वीकृति प्रक्रिया में भी उल्लेखनीय तेजी आई।
सीसीएल के बोकारो और करगली क्षेत्रों तथा बीसीसीएल के ब्लॉक-2 क्षेत्र में कार्य करते हुए उन्होंने कारो माइंस में दोबारा उत्पादन शुरू कराया, बीसीसीएल के पहले हाईवॉल माइनर और 5 एमटीवाई वाशरी की सफल कमीशनिंग कराई तथा लंबे समय से लंबित पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (आर एंड आर) से जुड़े मामलों का समाधान किया। उनके नेतृत्व में ब्लॉक-2 क्षेत्र ने पिछले दस वर्षों का सर्वाधिक कोयला उत्पादन दर्ज किया और वर्ष 2024 में ₹830 करोड़ का लाभ अर्जित किया। इसी अवधि में आउटपुट पर मैन शिफ्ट (ओएमएस) में 100 प्रतिशत की वृद्धि भी दर्ज की गई।
सतत खनन और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। बीसीसीएल के बरोरा क्षेत्र में उन्होंने मुराईडीह भूमिगत परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण का नेतृत्व किया तथा टेरी (TERI) के सहयोग से इको-रिस्टोरेशन परियोजना को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया। पर्यावरणीय अनुपालन के लिए इस क्षेत्र को मुख्यमंत्री पुरस्कार भी प्राप्त हुआ।
अपने उत्कृष्ट कार्यों के लिए चित्तरंजन कुमार को कोयला मंत्री पुरस्कार (2021-22 एवं 2022-23), सर्वश्रेष्ठ महाप्रबंधक पुरस्कार (2018-19), राष्ट्रीय सुरक्षा पुरस्कार तथा एच.बी. घोष स्मृति राष्ट्रीय सुरक्षा पुरस्कार सहित कई प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन स्थित सिमटार्स (SIMTARS) में उन्नत खनन सुरक्षा एवं जोखिम मूल्यांकन का अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण भी प्राप्त किया है।
ईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक सतीश झा ने चित्तरंजन कुमार का स्वागत करते हुए कहा कि उनके व्यापक अनुभव से कंपनी को तकनीकी नवाचार, परिचालन उत्कृष्टता, सुरक्षित कोयला उत्पादन और सतत खनन के क्षेत्र में नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कुमार का नेतृत्व ईसीएल की विकास यात्रा को नई दिशा देगा।
What's Your Reaction?