राजमहल क्षेत्र में खनन परिचालनों की समीक्षा, सुरक्षा और सतत उत्पादन पर जोर

राजमहल क्षेत्र में खनन परिचालनों की समीक्षा, सुरक्षा और सतत उत्पादन पर जोर

सांकतोड़िया : कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) के अध्यक्ष बी. साईराम ने रविवार को ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के राजमहल क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न खनन परिचालनों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने राजमहल ओपन कास्ट परियोजना (ओसीपी) और हुर्रा ‘सी’ ओसीपी का निरीक्षण कर परिचालन प्रदर्शन तथा परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।

राजमहल क्षेत्र पहुंचने पर सीआईएल अध्यक्ष का स्वागत ईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक सतीश झा, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चित्रंजन कुमार, राजमहल क्षेत्र के महाप्रबंधक अरूप नंदा नायक सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने किया।

निरीक्षण के दौरान खनन गतिविधियों, उत्पादन की स्थिति तथा परियोजनाओं में चल रहे विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई। परिचालन दक्षता बढ़ाने, सुरक्षा मानकों को मजबूत करने और निरंतर कोयला उत्पादन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही क्षेत्र में सामने आ रही परिचालन संबंधी चुनौतियों के समाधान को लेकर भी चर्चा हुई।

दौरे के क्रम में सीआईएल अध्यक्ष ने उर्जानगर में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, पारिस्थितिक संतुलन और जिम्मेदार एवं सतत खनन के प्रति सीआईएल तथा ईसीएल की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया।

इसके बाद ईसीएल और राजमहल क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक में प्रमुख परिचालन मुद्दों, परियोजनाओं के प्रदर्शन, उत्पादन तथा भविष्य की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

सीआईएल अध्यक्ष का राजमहल क्षेत्र का यह दौरा ऊर्जा जरूरतों की पूर्ति के लिए सुरक्षित, कुशल और सतत कोयला उत्पादन के साथ-साथ परिचालन उत्कृष्टता एवं पर्यावरणीय उत्तरदायित्व को प्राथमिकता देने के कंपनी के प्रयासों को दर्शाता है।

What's Your Reaction?

like
1
dislike
0
love
0
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0