आसनसोल के स्टील प्लांट में फर्नेस विस्फोट, कई धमाकों से दहला औद्योगिक क्षेत्र
आसनसोल: सालानपुर थाना क्षेत्र के देंदुआ-कल्याणेश्वरी औद्योगिक क्षेत्र स्थित एलोक्वेंट स्टील प्राइवेट लिमिटेड के फर्नेस नंबर-2 में सोमवार को भीषण विस्फोट होने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। विस्फोट इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और नाइट शिफ्ट में कार्यरत कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही मिनटों के भीतर लगातार चार जोरदार धमाके हुए, जिससे फर्नेस से अत्यधिक गर्मी और धुआं निकला। हादसे में संयंत्र के भीतर भारी नुकसान हुआ, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद श्रमिकों और श्रमिक संगठनों ने प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि फर्नेस और अन्य महत्वपूर्ण उपकरणों की समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण इस तरह की घटना हुई। श्रमिक नेता अमरनाथ महतो ने आरोप लगाया कि उत्पादन बढ़ाने के दबाव में श्रमिकों की सुरक्षा से समझौता किया जा रहा है और आधुनिक सुरक्षा उपायों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
वहीं, समाचार लिखे जाने तक कंपनी प्रबंधन की ओर से इस घटना को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। घटना के बाद श्रमिकों में नाराजगी और औद्योगिक क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
What's Your Reaction?