इस्पात अस्पताल में कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स की छंटनी के खिलाफ INTUC का विरोध

इस्पात अस्पताल में कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स की छंटनी के खिलाफ INTUC का विरोध

दुर्गापुर । दुर्गापुर इस्पात संयंत्र (DSP) के मेन हॉस्पिटल में कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स को काम से हटाए जाने के विरोध में INTUC से संबद्ध हिंदुस्तान स्टील वर्कर्स यूनियन ने सोमवार को प्रदर्शन किया। यूनियन ने हटाए गए कर्मचारियों को तत्काल काम पर वापस लेने की मांग की।

यूनियन का आरोप है कि दुर्गा पूजा से ठीक पहले अस्पताल के कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स को नौकरी से हटा दिया गया, जिससे उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इसके विरोध में यूनियन के नेता और कार्यकर्ता अस्पताल के इमरजेंसी विभाग के सामने एकत्र हुए और DSP प्रबंधन के प्रति नाराजगी जताई।

यूनियन के महासचिव (कन्वीनर) रजत दीक्षित ने कहा कि अस्पताल जैसी आपातकालीन सेवा में कार्यरत पुराने कर्मचारियों को अचानक हटाना उचित नहीं है। ये कर्मचारी अस्पताल आने वाले मरीजों की विभिन्न तरीकों से सहायता करते हैं। उन्होंने हटाए गए कर्मचारियों को तत्काल बहाल करने की मांग की।

दीक्षित ने अस्पताल की एक्स-रे मशीन लंबे समय से खराब होने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि एक्स-रे जांच के लिए मरीजों को बाहर जाना पड़ता है। उन्होंने अस्पताल में बेहतर गुणवत्ता वाली एक्स-रे मशीनें और दवाइयां उपलब्ध कराने के साथ मरीजों को देश के अन्य अस्पतालों में रेफर करने की उचित व्यवस्था करने की मांग की।

प्रदर्शन में यूनियन के परेश नाथ करमाकर, राणा सरकार, राबिन गांगुली, कौशिक बनर्जी, शुभंकर बोस, सजल मुखर्जी सहित अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

प्रदर्शन के बाद यूनियन के संयुक्त सचिव समीर रॉय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने DSP मेन हॉस्पिटल के डायरेक्टर-इन-चार्ज डॉ. रूपक गोस्वामी से मुलाकात कर मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। यूनियन के अनुसार, अस्पताल प्रबंधन ने मांगों पर विचार कर समाधान की दिशा में कदम उठाने का आश्वासन दिया।

What's Your Reaction?

like
1
dislike
0
love
0
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0