डीएसटीपीएस, डीवीसी में मुंशी प्रेमचंद जयंती पर ‘कमल के सिपाही’ ज्ञान-प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित

डीएसटीपीएस, डीवीसी में मुंशी प्रेमचंद जयंती पर ‘कमल के सिपाही’ ज्ञान-प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित

अंडाल : डीवीसी की दुर्गापुर स्टील थर्मल पावर स्टेशन (डीएसटीपीएस) इकाई में राजभाषा कार्यान्वयन उपसमिति के तत्वावधान में गुरुवार को हिंदी के महान साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद की 146वीं जयंती के उपलक्ष्य में ‘कमल के सिपाही: प्रेमचंद ज्ञान-प्रश्नोत्तरी’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम दिव्यज्योति भवन स्थित प्रशिक्षण कक्ष में संपन्न हुआ।

मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रधान अनिल कुमार जैन ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि मुंशी प्रेमचंद का साहित्य मानवीय संवेदनाओं, सामाजिक चेतना और हिंदी भाषा की समृद्ध परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं ज्ञानवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

प्रतियोगिता में उप महाप्रबंधक (यांत्रिक) ऋषिकेश कुमार तथा वरिष्ठ प्रबंधक (सतर्कता) विवेक कुमार सिन्हा ने निर्णायक की भूमिका निभाई, जबकि कनिष्ठ अभियंता (विद्युत) शुभाशीष गुप्ता ने वीक्षक के रूप में दायित्व निभाया। कार्यक्रम का संचालन हिंदी अधिकारी इस्माईल मियाँ एवं हिंदी सहायक अशोक कुमार कपूर ने किया।

ज्ञान-प्रश्नोत्तरी में डीएसटीपीएस के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों में वरिष्ठ प्रबंधक (सीएसआर) मोहम्मद शमीम अहमद सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों में मुंशी प्रेमचंद के साहित्य, हिंदी भाषा तथा भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति रुचि और जागरूकता को प्रोत्साहित करना था।

डीएसटीपीएस प्रबंधन की ओर से बताया गया कि 31 जुलाई, 2026 को सुबह 10:30 बजे दिव्यज्योति भवन स्थित प्रशिक्षण कक्ष में मुंशी प्रेमचंद जयंती समारोह सह पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।

What's Your Reaction?

like
1
dislike
0
love
0
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0