दुर्गापुर में एसकेएस मेडिकल कॉलेज एवं बंगाल हॉस्पिटल का शुभारंभ
150 एमबीबीएस सीटों के साथ 605 बेड का बंगाल हॉस्पिटल शुरु
दुर्गापुर : गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में कार्यरत एसकेएस समूह ने दुर्गापुर में चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया। सोमवार को एसकेएस मेडिकल कॉलेज एवं 605 बेड क्षमता वाले बंगाल हॉस्पिटल के शुभ उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पश्चिम बंगाल के प्रभारी सुनील बंसल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अन्य गणमान्य अतिथियों के साथ फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

समारोह में पश्चिम बंगाल सरकार के उच्च शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री प्रभारी जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बनर्जी, दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लखन चंद्र घोरुई, एसकेएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन एस.के. शर्मा, वाइस चेयरमैन यू.के. गौतम, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रधान सचिव नारायण स्वरूप निगम, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की राज्य मंत्री सुमना सरकार,दुर्गापुर की एसडीएम अंकिता अग्रवाल सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इसके अलावा इंडिया इंटरनेशनल स्कूल, आसनसोल के निदेशक एवं शिक्षाविद ए.के. शर्मा, मथुरा से अवदेश शर्मा एवं दिलीप त्यागी, डीआरटी के चेयरमैन एवं न्यायाधीश गोविंद बल्लभ शर्मा तथा आगरा से संतोष कुमार शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने भी समारोह में शिरकत की।

एसकेएस एजुकेशनल एंड सोशल ट्रस्ट की स्थापना वर्ष 2000 में दुर्गापुर में की गई थी। वर्ष 2001 में बंगाल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की स्थापना के साथ शुरू हुआ संस्थान का सफर आज इंजीनियरिंग, प्रबंधन, फार्मेसी, नर्सिंग, स्कूल शिक्षा और चिकित्सा शिक्षा तक पहुंच चुका है।
एसकेएस मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 150 एमबीबीएस सीटों का प्रावधान किया गया है। वहीं, बंगाल हॉस्पिटल में 605 बेड की क्षमता है। मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के माध्यम से दुर्गापुर एवं आसपास के क्षेत्रों में चिकित्सा शिक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में पहल की गई है।
What's Your Reaction?