दुर्गापुर के 54 फुट खुदीराम मैदान में राम मंदिर बना आकर्षण का केंद्र, जाम से परेशान श्रद्धालु
Sujit Kumar
दुर्गापुर : पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में दुर्गा पूजा की धूम है। शहर के 54 फुट खुदीराम मैदान में बना राम मंदिर श्रद्धालुओं और दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। लेकिन पूजा पंडालों में उमड़ रही भीड़ के बीच ट्रैफिक जाम की समस्या भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।
दुर्गापुर में दुर्गा पूजा का आनंद लेने के लिए दूर-दराज के इलाकों के साथ-साथ दूसरे जिलों और राज्यों से भी लोग पहुंच रहे हैं। ऐसे में शहर की सड़कों पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। पूजा कमेटियों की ओर से प्रशासन के सहयोग से ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने और वॉलंटियर्स तैनात करने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कई जगहों पर लोगों को जाम का सामना करना पड़ रहा है।

आरोप है कि जाम में घंटों फंसे रहने के बावजूद कई जगहों पर न तो प्रशासन के अधिकारी नजर आते हैं और न ही पूजा कमेटियों के वॉलंटियर्स। इससे श्रद्धालुओं और आम लोगों को भारी परेशानी हो रही है।

अभी दुर्गा पूजा की शुरुआत है। आने वाले दिनों में भीड़ और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन और पूजा कमेटियों के सामने ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना एक बड़ी चुनौती होगी।

अब देखना यह है कि प्रशासन और पूजा कमेटियां अपने दावों पर कितना खरा उतरती हैं, ताकि दुर्गापुर आने वाले श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के दुर्गा पूजा का आनंद ले सकें और शहर की बेहतर छवि लेकर लौटें।
What's Your Reaction?