एनआईटी दुर्गापुर में स्वच्छता ही सेवा अभियान, स्वच्छता के साथ श्रम की गरिमा का दिया संदेश
सुजीत कुमार
दुर्गापुर: स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत की भावना के अनुरूप एनआईटी दुर्गापुर में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान संस्थान परिसर के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता, श्रम की गरिमा, नागरिक जिम्मेदारी और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया।

अभियान की खास बात संस्थान के निदेशक प्रो. अरविंद चौबे और रजिस्ट्रार संजय कुमार की सक्रिय भागीदारी रही। निदेशक ने मेगा जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं रजिस्ट्रार ने संस्थान से सटे रांची कॉलोनी में स्वच्छता अभियान में भाग लिया और सफाई कर्मियों को सम्मानित करते हुए पुरस्कार एवं प्रशस्ति स्वरूप उपहार प्रदान किए।
अभियान में एनएसएस स्वयंसेवकों के साथ बीटेक के विद्यार्थियों, मास्टर ऑफ सोशल वर्क (एमएसडब्ल्यू) के विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने जागरूकता रैली, श्रमदान, स्वच्छता अभियान तथा सामुदायिक संपर्क गतिविधियों में हिस्सा लेकर स्वच्छता को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने का संदेश दिया।
‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ के राष्ट्रव्यापी आह्वान के तहत एनआईटी दुर्गापुर परिवार ने सामूहिक श्रमदान किया। इसके अलावा रांची कॉलोनी में ‘सफाई कर्मी सम्मान शिविर’ आयोजित कर स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने में सफाई कर्मियों के योगदान को सम्मान दिया गया।
अभियान के दौरान संस्थान के शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों और सफाई कर्मियों के साथ मिलकर गतिविधियों में हिस्सा लिया। इससे स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी को संस्थान की सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में रेखांकित किया गया।

पखवाड़े भर चले इस अभियान की परिकल्पना एवं समन्वय जनसंपर्क अधिकारी प्रो. श्री कृष्ण राय ने किया। अभियान के संचालन में डीन, स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. दुर्बादल मंडल तथा मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ. सुजीत कर्मकार ने सहयोग किया।
अभियान के माध्यम से एनआईटी दुर्गापुर ने यह संदेश दिया कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ केवल साफ-सफाई तक सीमित नहीं, बल्कि श्रम की गरिमा, सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना को मजबूत करने का माध्यम भी है।
What's Your Reaction?