ECL की आंतरिक जांच में चिकित्सा बिलों में संदिग्ध अनियमितता, पुलिस में शिकायत
आसनसोल : ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) की विभागीय आंतरिक जांच में सेवानिवृत्ति उपरांत चिकित्सा सुविधा लाभ योजना (Post Retirement Medicare Benefit Scheme) के तहत प्रस्तुत कुछ चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावों में संदिग्ध अनियमितताओं का मामला सामने आया है।
जांच के दौरान अलग-अलग तिथियों और अवधियों से संबंधित कई चिकित्सा बिलों पर एक ही इनवॉइस संख्या NT-23-15679 अंकित पाई गई। इन बिलों में कुल 39,800 रुपये की राशि शामिल है। एक ही इनवॉइस संख्या के बार-बार इस्तेमाल से दस्तावेजों की प्रामाणिकता को लेकर संदेह उत्पन्न हुआ।
मामले को गंभीरता से लेते हुए ECL की ओर से सैंक्टोरिया पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई गई है। कंपनी ने पुलिस से मामले की विस्तृत जांच करने तथा कथित रूप से कूटरचित या फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल के माध्यम से वित्तीय लाभ प्राप्त करने के प्रयास की जांच का अनुरोध किया है।
ECL ने संबंधित अभिलेख पुलिस को उपलब्ध कराने के साथ जांच में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। कंपनी की ओर से कहा गया है कि मामले में आगे की कार्रवाई नियमानुसार और जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
What's Your Reaction?