डीएसटीपीएस में प्रशासनिक एवं तकनीकी शब्द लेखन प्रतियोगिता आयोजित
अंडाल (दुर्गापुर): राजभाषा हिंदी के प्रति अधिकारियों एवं कर्मचारियों में रुचि, जागरूकता तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के व्यवहारिक प्रयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दामोदर घाटी निगम (डीवीसी), दुर्गापुर इस्पात ताप विद्युत केंद्र (डीएसटीपीएस) में प्रशासनिक एवं तकनीकी शब्द लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

राजभाषा कार्यान्वयन उप समिति के तत्वावधान में 3 सितंबर को डीएसटीपीएस के प्रशिक्षण कक्ष में आयोजित प्रतियोगिता का संचालन एवं संयोजन हिंदी अधिकारी मु. इस्माईल मियाँ के मार्गदर्शन में किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में वरिष्ठ प्रबंधक (वि.) विवेक कुमार सिन्हा, सतर्कता तथा प्रबंधक (यां.) आशीष सैनी ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। कनि. अभियंता शुभाशीष गुप्ता एवं हिंदी सहायक अशोक कुमार कपूर ने वीक्षक के रूप में योगदान दिया।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों से प्रशासनिक एवं तकनीकी क्षेत्र में प्रचलित शब्दों के हिंदी रूप लिखवाए गए। इसका उद्देश्य कार्यालयीन कार्यों में हिंदी शब्दावली के प्रयोग को सहज बनाना तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशासनिक एवं तकनीकी हिंदी से परिचित कराना था।

प्रतियोगिता में हिंदी भाषी एवं हिंदीतर भाषी प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग मूल्यांकन व्यवस्था रखी गई। इससे प्रतिभागियों को उनकी भाषायी पृष्ठभूमि के अनुरूप समान एवं निष्पक्ष अवसर मिला और हिंदी के प्रति स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण तैयार हुआ।
प्रतियोगिता में रीना यादव, मो. नसीम जावेद, पिंटू कुमार महतो, फिरोज आलम अंसारी, आलोक प्रकाश, राजेश कुमार, नवीं कुमार पोद्दार, अनुराग कुमार, हरि शंकर कुमार हरि, आकाश दीप, मो. कासिफ रिज़वी, मो. शमीम अहमद, पतरस हाँसदा, प्रदीप कुमार, सोमा दास, सुभाशीश दास, रुनु सरकार, विप्लव घोष, सत्यजित बाग, झारेश्वर कुमार, बिमल कुमार माजी, सयानी भौमिक, सतरूपा मुखर्जी, रणवीर रूद्र एवं मलय मंडल सहित डीएसटीपीएस के अनेक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आयोजकों ने कहा कि राजभाषा हिंदी का प्रभावी प्रयोग केवल भाषायी दायित्व नहीं, बल्कि कार्यालयीन कार्यों को अधिक सहज, सुगम एवं जनोन्मुख बनाने का माध्यम भी है।
राजभाषा पखवाड़ा के तहत प्रतियोगिताओं की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए 7 सितंबर 2026 को अपराह्न 3 बजे डीएसटीपीएस के प्रशिक्षण कक्ष में हिंदी कंप्यूटर टंकण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें हिंदी भाषी एवं हिंदीतर भाषी प्रतिभागियों का मूल्यांकन संयुक्त रूप से किया जाएगा।

डीवीसी कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग एवं प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर प्रयासरत है। डीएसटीपीएस में आयोजित ये प्रतियोगिताएं इसी दिशा में एक सार्थक पहल हैं।
What's Your Reaction?