पानागढ़ में अवैध बालू परिवहन पर भाजपा का एक्शन, 10 से अधिक वाहन जब्त, कारोबारी हिरासत में
इवोल्यूशनरी न्यूज़
दुर्गापुर: पानागढ़ सेना छावनी के गेट नंबर-1 के सामने सोमवार को उस समय हंगामा मच गया, जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने अवैध बालू परिवहन का आरोप लगाते हुए बालू से लदे 10 से अधिक ट्रक और डंपरों को रोक दिया। इसके बाद सूचना मिलने पर बुदबुद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी वाहनों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने एक बालू कारोबारी को भी हिरासत में लिया है।

भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि दामोदर नदी से लंबे समय से अवैध बालू खनन किया जा रहा है और फर्जी चालान के सहारे बालू की तस्करी की जा रही है। उनका दावा है कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्यकर्ता सुबह से ही पानागढ़ सेना छावनी के गेट नंबर-1 और गेट नंबर-5 के पास निगरानी कर रहे थे।
आरोप है कि रोके गए वाहनों के चालान में गंतव्य कोलकाता दर्शाया गया था, जबकि वाहन बुदबुद क्षेत्र की ओर जा रहे थे। साथ ही कई वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बालू लदा होने का भी आरोप लगाया गया।
भाजपा नेताओं का कहना है कि मानसून के दौरान बालू खनन पर रोक रहती है। इसके बावजूद वाहनों से पानी टपकता देख उन्हें संदेह हुआ कि रात के अंधेरे में दामोदर नदी से अवैध खनन कर बालू की ढुलाई की जा रही थी।
फिलहाल पुलिस ने सभी जब्त वाहनों के दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। मामले में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और दस्तावेजों की वैधता सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?