21 सितंबर को SKS मेडिकल कॉलेज एवं बंगाल अस्पताल का शुभारंभ, स्वास्थ्य क्षेत्र में बढ़ेंगे अवसर

21 सितंबर को SKS मेडिकल कॉलेज एवं बंगाल अस्पताल का शुभारंभ, स्वास्थ्य क्षेत्र में बढ़ेंगे अवसर

सुजीत कुमार 

दुर्गापुर में स्वास्थ्य शिक्षा का नया केंद्र बनने की ओर एक और बड़ा कदम

दुर्गापुर:औद्योगिक नगरी दुर्गापुर अब उद्योग के साथ-साथ शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी लगातार अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। इंजीनियरिंग, चिकित्सा, तकनीकी शिक्षा, होटल प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों में शिक्षा के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से छात्र दुर्गापुर पहुंच रहे हैं। ऐसे में शहर के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण संस्थान जुड़ने जा रहा है।

21 सितंबर 2026 को दुर्गापुर के बिधाननगर स्थित एसएसबी सरणी में SKS मेडिकल कॉलेज एवं बंगाल अस्पताल का शुभ उद्घाटन होने जा रहा है। इस नए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के शुरू होने के साथ दुर्गापुर के स्वास्थ्य क्षेत्र को एक नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

शुभ उद्घाटन समारोह में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पश्चिम बंगाल के प्रभारी सुनील बंसल के उपस्थित रहने की जानकारी दी गई है। उनके साथ पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रभारी मंत्री शरतबत मुखर्जी, उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रभारी मंत्री जगन्नाथ चटर्जी, दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बनर्जी, दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लक्ष्मण चंद्र घरुई तथा पश्चिम बर्दवान के जिला मजिस्ट्रेट एस. पोन्नम्बलम, IAS सहित कई विशिष्ट अतिथियों के समारोह में शामिल होने की बात कही गई है।

बिधाननगर में SKS मेडिकल कॉलेज एवं बंगाल अस्पताल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। नए संस्थान के शुरू होने से दुर्गापुर तथा आसपास के क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अतिरिक्त विकल्प मिलने की उम्मीद है। साथ ही चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी नए अवसर सामने आने की संभावना है।

दुर्गापुर में पहले से मौजूद चिकित्सा संस्थानों के साथ इस नए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के जुड़ने से शहर के स्वास्थ्य क्षेत्र का विस्तार होने की उम्मीद है। इसके अलावा डॉक्टर, नर्सिंग, पैरामेडिकल, तकनीकी, प्रशासनिक और अन्य संबद्ध क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ने की भी संभावना जताई जा रही है।

औद्योगिक और शैक्षणिक शहर के रूप में अपनी पहचान बना चुके दुर्गापुर के लिए नए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का शुभारंभ स्वास्थ्य शिक्षा और चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

What's Your Reaction?

like
6
dislike
0
love
0
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0