कलकत्ता हाईकोर्ट को मिला नया स्थायी मुख्य न्यायाधीश
Report by PRYA MAURYA
न्यायमूर्ति रवींद्र विठ्ठलराव घुगे ने 45वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में ली शपथ
कोलकाता: न्यायमूर्ति रवींद्र विठ्ठलराव घुगे ने बुधवार को कलकत्ता हाईकोर्ट के 45वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। राजभवन में आयोजित गरिमामय समारोह में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर. एन. रवि ने उन्हें शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, विधानसभा अध्यक्ष, राज्य सरकार के कई मंत्री एवं विधायक तथा विभिन्न उच्च न्यायालयों के पूर्व एवं वर्तमान न्यायाधीश मौजूद रहे।
कलकत्ता हाईकोर्ट में लंबे समय से कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के जरिए कामकाज संचालित हो रहा था। ऐसे में स्थायी मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा था। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश के बाद राष्ट्रपति की मंजूरी से न्यायमूर्ति घुगे की नियुक्ति का रास्ता साफ हुआ था। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से नियुक्ति की जानकारी साझा की थी।

न्यायमूर्ति घुगे ने वर्ष 1990 में वकालत के क्षेत्र में कदम रखा था। अपने लंबे कानूनी करियर में उन्होंने 2,000 से अधिक मामलों में पैरवी की, जिनमें श्रमिक यूनियनों और बहुराष्ट्रीय कंपनियों से जुड़े मामले भी शामिल रहे हैं।
न्यायिक एवं कानूनी क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि उनके नेतृत्व में कलकत्ता हाईकोर्ट की न्यायिक प्रक्रिया को और गति मिलेगी तथा लंबित मामलों के निस्तारण की दिशा में प्रभावी पहल होगी।
What's Your Reaction?