डीएसटीपीएस में हिंदी कंप्यूटर टंकण प्रतियोगिता
अंडाल (दुर्गापुर): राजभाषा हिंदी के प्रति अधिकारियों एवं कर्मचारियों में रुचि बढ़ाने तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दामोदर घाटी निगम के दुर्गापुर इस्पात ताप विद्युत केंद्र (डीएसटीपीएस) में हिंदी कंप्यूटर टंकण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। राजभाषा कार्यान्वयन उप-समिति के तत्वावधान में 7 सितंबर को प्रशिक्षण कक्ष में आयोजित प्रतियोगिता में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की हिंदी टंकण गति, शुद्धता एवं दक्षता का मूल्यांकन किया गया। निर्णायक मंडल में वरिष्ठ प्रबंधक (आईटी) सुधीर कुमार तथा हिंदी सहायक, राजभाषा अशोक कुमार कपूर शामिल रहे। प्रतियोगिता का संयोजन एवं संचालन हिंदी अधिकारी इस्माईल मियाँ ने किया।
इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्रीकांत गेडेला ने कहा कि वर्तमान डिजिटल कार्य-परिवेश में कंप्यूटर पर हिंदी टंकण का ज्ञान बेहद आवश्यक है। ऐसी प्रतियोगिताएँ कर्मचारियों में हिंदी टंकण के प्रति रुचि एवं आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित करती हैं।

प्रतियोगिता में हिंदी भाषी एवं हिंदीतर भाषी प्रतिभागियों का संयुक्त रूप से मूल्यांकन किया गया, जिससे सभी को समान अवसर मिला और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा मिला। प्रतियोगिता में योगेश मिलन, आकाश दीप, पतरस हाँसदा, सोमा दास, अनुराग कुमार, बिरजु कुमार, हरि शंकर कुमार हरि, अजय कुमार गुप्ता, प्रदीप कुमार, मोनालिसा नायक, रुनु सरकार, सुभाषीष दास, रीना यादव, सयानी भौमिक, सतरूपा मुखर्जी, बासुदेव चक्रबर्ती, तरुण दत्ता, मलय मंडल, शेखर महंता, अनुपमा तिवारी एवं आतिश कुमार पांडा सहित अनेक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
राजभाषा पखवाड़ा के तहत 8 सितंबर को अपराह्न 3:30 बजे डीएसटीपीएस के प्रशिक्षण कक्ष में “हिंदी टिप्पण एवं मसौदा लेखन” प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें हिंदी भाषी एवं हिंदीतर भाषी प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग वर्ग होंगे।
डीएसटीपीएस में आयोजित ये प्रतियोगिताएँ कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने तथा राजभाषा के प्रति अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।
What's Your Reaction?