डीवीसी का 79वां स्थापना दिवस धूमधाम से संपन्न, डीएसटीपीएस में 'रन फॉर डीवीसी' का आयोजन

डीवीसी का 79वां स्थापना दिवस धूमधाम से संपन्न, डीएसटीपीएस में 'रन फॉर डीवीसी' का आयोजन

अमित कुमार यादव 

आंडाल: दुर्गापुर स्टील थर्मल पावर स्टेशन (डीएसटीपीएस), आंडाल में दामोदर वैली कॉरपोरेशन (डीवीसी) का 79वां स्थापना दिवस राष्ट्र समर्पण, सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व के संदेश के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शौर्य भवन में वरिष्ठ महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख (एचओपी) अनिल कुमार जैन द्वारा डीवीसी का ध्वजारोहण कर की गई। इस अवसर पर सीआईएसएफ के उप कमांडेंट, वरिष्ठ महाप्रबंधक (ओ एंड एम) सुखदेव खान, महाप्रबंधक एस. पांडा, डीजीएम (एचआर) श्रीकांत गेडाला सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में अनिल कुमार जैन ने वर्ष 1948 में स्थापित डीवीसी की गौरवशाली यात्रा और बिजली उत्पादन, पारेषण, बाढ़ नियंत्रण, वनीकरण तथा नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में उसके योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में डीएसटीपीएस को डीवीसी की सभी इकाइयों में सर्वश्रेष्ठ विद्युत उत्पादन के लिए द्वितीय पुरस्कार, सीएसआर परियोजनाओं में प्रथम स्थान तथा सुरक्षा (सेफ्टी) के क्षेत्र में भी प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ है।

स्थापना दिवस पर 1,500 से अधिक अधिकारियों, कर्मचारियों, सीआईएसएफ जवानों एवं प्लांट कर्मियों के बीच मिठाइयों का वितरण किया गया। साथ ही डीवीसी लोगो युक्त दीवार घड़ियां उपहार स्वरूप दी गईं। "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत वृक्षारोपण किया गया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में स्थापना दिवस का केक भी काटा गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण "रन फॉर डीवीसी" रहा, जिसमें 150 से अधिक अधिकारियों, कर्मचारियों और सीआईएसएफ जवानों ने प्रशासनिक भवन से प्लांट के मुख्य द्वार तक दौड़ लगाई। प्रतिभागियों ने "डीवीसी अमर रहे" के नारों के साथ संगठन के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण का प्रदर्शन किया। इस आयोजन का उद्देश्य कर्मचारियों, उनके परिवारों और स्थानीय युवाओं में स्वास्थ्य जागरूकता, टीम भावना तथा राष्ट्र निर्माण में डीवीसी की भूमिका के प्रति गर्व की भावना को बढ़ावा देना था।

पूरे कार्यक्रम का समन्वय डीजीएम (एचआर) श्रीकांत गेडाला के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान प्रबंधक (सीएसआर) मोहम्मद शमीम अहमद सहित कई अधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

स्थापना दिवस के अवसर पर डीवीसी के 330 स्थायी कर्मचारियों को डीवीसी लोगो वाली टी-शर्ट तथा लगभग 1,500 ठेका श्रमिकों को डीवीसी लोगो युक्त दीवार घड़ियां भेंट की गईं। कार्यक्रम का संचालन हिंदी अधिकारी मो. इस्माइल मियां ने किया।

डीवीसी ने पूरे जुलाई माह के दौरान रक्तदान शिविर, सांस्कृतिक कार्यक्रम, फुटबॉल प्रतियोगिता और विभिन्न सीएसआर गतिविधियों के आयोजन की भी घोषणा की। स्थापना दिवस का यह आयोजन डीवीसी की सेवा, उत्कृष्टता, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों का सशक्त संदेश देता नजर आया।

What's Your Reaction?

like
1
dislike
0
love
1
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0