अवैध कोयला खनन रोकने के लिए ईसीएल ने 'खनन प्रहरी' ऐप डाउनलोड करने की अपील की
अमित कुमार यादव
सांकतोड़िया : अवैध कोयला खनन और कोयला चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) ने अपने सभी कर्मियों एवं हितधारकों से भारत सरकार के कोयला मंत्रालय द्वारा विकसित 'खनन प्रहरी' मोबाइल एप्लिकेशन डाउनलोड कर इसके माध्यम से सतर्कता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है।
ईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक सतीश झा ने कहा कि राष्ट्र के बहुमूल्य कोयला संसाधनों की सुरक्षा के लिए सामूहिक सहभागिता और मजबूत सतर्कता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी कर्मियों और हितधारकों से अपील की कि वे 'खनन प्रहरी' ऐप का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें तथा अवैध कोयला खनन एवं कोयला चोरी से संबंधित गतिविधियों की सूचना समय पर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि अवैध कोयला खनन और चोरी से न केवल राष्ट्रीय संपदा को नुकसान पहुंचता है, बल्कि सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय समुदायों के हित भी प्रभावित होते हैं। इन चुनौतियों से निपटने के लिए कोयला मंत्रालय ने 'खनन प्रहरी' मोबाइल एप्लिकेशन विकसित किया है, जो अवैध खनन की घटनाओं की डिजिटल माध्यम से त्वरित सूचना देने का प्रभावी मंच उपलब्ध कराता है।
ईसीएल ने सभी कर्मियों एवं हितधारकों से इस पहल का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, अधिक से अधिक लोगों को ऐप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करने तथा राष्ट्र के बहुमूल्य कोयला संसाधनों की सुरक्षा के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया है।
What's Your Reaction?