कुनुस्तोड़िया क्षेत्र की ओर से स्वच्छता विषयक चित्रकला प्रतियोगिता
*बेलबाद फ्री प्राइमरी स्कूल परिसर में हुई प्रतियोगिता
जामुड़िया : ईसीएल के सीएमडी श्री सतीश झा के नेतृत्व में कंपनी के सभी क्षेत्रों में स्वच्छता पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है ताकि कंपनी परिसर को स्वच्छ रखने हेतु सक्रिय अभियान चलाया जा सके। इसी कड़ी में कंपनी के कुनुस्तोड़िया क्षेत्र की ओर से बेलबाद फ्री प्राइमरी स्कूल परिसर में स्वच्छता विषयक चित्रकला प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया जिसमें बेलबाद फ्री प्राइमरी स्कूल के साथ जोत जानकी हाई स्कूल के विद्यार्थियों ने भागीदारी की। ग़ौरतलब है कि क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री अमित कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य स्कूली बच्चों में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक जागृति लाना है। 42 प्रतियोगियों ने सुंदर चित्रों के माध्यम से स्वच्छता की आवश्यकता और इससे होने वाले फायदों को दर्शाया। प्रतियोगिता के बाद सभी विद्यार्थियों के बीच स्वच्छता विषयक संदेश प्रेषित किया गया और उन्हें स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के निर्माण में उनकी भूमिका से अवगत कराया गया । इसके साथ ही स्थानीय जोत जानकी ग्राम में ग्रामीणों के बीच क्षेत्र की ओर से जूट बैग का विवरण भी किया गया ताकि प्लास्टिक का उपयोग कम हो सके। इस कार्यक्रम के आयोजन में क्षेत्रीय सामुदायिक विकास अधिकारी श्री ज्योति प्रसाद बोरी तथा बेलबाद फ्री प्राइमरी स्कूल के अध्यापक श्री असित चक्रवर्ती की सक्रिय भूमिका रही।
What's Your Reaction?